15 अगस्त समारोह में सभी विभागों की अनिवार्य सहभागिता, प्रभात फेरी से लेकर यातायात, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
सैलाना। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय, व्यवस्थित एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद पंचायत सैलाना के सभाकक्ष में एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गेरा की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय विभागों के प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य, व पत्रकार जनो की मौजूदगी में 15 अगस्त के आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।

एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक विभाग एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी से जुड़ा राष्ट्रीय पर्व है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
प्रभात फेरी से शुरू होगा स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की सुबह प्रतिवर्षानुसार विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेगी। यहां राष्ट्रीय ध्वज वंदन के पश्चात सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य समारोह आयोजित किए जाएंगे।
एसडीएम जयसवाल ने निर्देश दिए कि प्रमुख विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षकों एवं पूरे स्टाफ के साथ समारोह स्थल पर उपस्थित रहें। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य से विशेष आग्रह किया गया कि महाविद्यालय का समस्त स्टाफ भी कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराए।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
स्वतंत्रता दिवस की प्रभात फेरी एवं मुख्य समारोह के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एसडीओपी नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रैली के दौरान यातायात बाधित न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वच्छता और आवारा पशुओं पर भी प्रशासन की नजर
एसडीएम जायसवाल ने नगर परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनवर गोरी को मुख्य समारोह स्थल सहित नगर के प्रमुख मार्गों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभात फेरी के दौरान नगर में आवारा पशुओं की मौजूदगी से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

सभी विभागों के भवनों पर होगी विद्युत सज्जा
एसडीएम जयसवाल ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अपने-अपने शासकीय भवनों पर विद्युत सज्जा की जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पूरा नगर देशभक्ति और उत्सव के वातावरण में नजर आना चाहिए।
जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गेरा सैलाना को समारोह में शामिल होने वाले विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए मिठाई लड्डुओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी के उपस्थित नहीं रहने पर एसडीएम जायसवाल ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी विभाग की लापरवाही अथवा अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से 15 अगस्त के कार्यक्रम को विशेष महत्व देते हुए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रशासन की स्पष्ट चेतावनी, जिम्मेदारी में लापरवाही न बरते
एसडीएम जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और सम्मान से जुड़ा राष्ट्रीय पर्व है। इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी इसे केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य के रूप में लें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों की समय रहते तैयारी पूरी करें, ताकि 15 अगस्त का आयोजन अनुशासित, भव्य एवं गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके। बैठक पश्चात अनुविभागीय अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल, तहसीलदार मनीष जैन, कृषि मंडी सचिव प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा; प्राचार्य शशि छजलानी, सहित विद्यालय प्रमुख नगर परिषद अधिकारी अनवर गोरी पत्रकार गण द्वारा स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया गया।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, जनपद पंचायत सैलाना सीईओ रिया गेरा, बीआरसी नरेंद्र कुमार पासी, कृषि मंडी सचिव रूमालसिंह भयड़िया मुख्य नगर परिषद अधिकारी अनवर गोरी, पुलिस एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रमुख, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines