सैलाना। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत जनजातीय कौशल केंद्र द्वारा संस्थान के चैयरमेन श्री के के सिंह कालूखेड़ा के मार्गदर्शन में गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को ओसीन परिसर, सैलाना में भव्य ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ और ‘रोजगार मेले’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

जनपद अध्यक्ष कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सैलाना की अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल ने सरकार के इस अभियान की सराहना करते हुए जनजातीय ग्रामों के विकास में इसकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।

सफल युवाओं को मिले प्रमाण पत्र, रोजगार के खुले अवसर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अध्यक्ष प्रतिनिधि कल्पना पुरोहित ने जनजातीय कौशल केंद्र की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कौशल प्रमाण पत्र की महत्ता और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। समारोह में वर्ष 2025-26 के विभिन्न ट्रेड्स के सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कौशल केंद्र के निदेशक रघुवीर सिंह सिसोदिया ने युवाओं को प्लेसमेंट, रोजगार के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।

रोजगार मेले में कंपनियों ने लिया हिस्सा
दीक्षांत समारोह के तुरंत बाद एक विशाल रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें बदनावर की प्रसिद्ध ‘जील कंपनी’ सहित कई अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सेंटर्स के अनुदेशक और अनुदेशिकाएं अपने-अपने क्षेत्र के प्रशिक्षार्थियों को साथ लेकर पहुंचे, ताकि युवाओं को सीधे कंपनियों में रोजगार का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी शंकर सिंह चंद्रावत, लेखापाल नितेश शर्मा, कार्यक्रम सहायक नरेंद्र सिंह देवड़ा, कंप्यूटर आपरेटर राखी नागर, प्रिंस रजक, महेश गोरिया सहित सभी अनुदेशक, अनुदेशिकाएं और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम सहायक धनपाल शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम सिखवाल ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ इस भव्य समारोह का समापन हुआ।
Author: MP Headlines