जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां होंगी आयोजित, स्कूलों में भी होंगे रचनात्मक कार्यक्रम
रतलाम, 2 अगस्त 2026। सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के दौरान शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत स्कूलों में रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के साथ ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ जैसी विभिन्न गतिविधियां होंगी। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनभागीदारी के माध्यम से शासन की कल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र एवं वंचित हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रतलाम के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन तथा अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines





