कलेक्टर ने गोद में उठाया भर्ती बच्चे को, स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

पहली बार सैलाना पहुंचे कलेक्टर अजय कटेसरिया; अस्पताल में बच्चों से आत्मीयता से मिले, करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर तहसील पहुंचे

सैलाना। रतलाम जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया शुक्रवार को पहली बार सैलाना पहुंचे। शिवगढ़ होते हुए सैलाना पहुंचे कलेक्टर ने सबसे पहले बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण कर नगर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। कलेक्टर के सैलाना आगमन को लेकर दिनभर नगर में चर्चा रही। निरीक्षण के दौरान उनका सहज और आत्मीय व्यवहार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना।

भर्ती बच्चों से मिले, गोद में उठाकर पूछा हालचाल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने चिकित्सक जितेंद्र रायकवार के साथ अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती कुपोषित बच्चों को देखकर वे उनके पास पहुंचे। उन्होंने घुटनों के बल बैठकर बच्चे से आत्मीयता से बातचीत की और उसके साथ सहज अंदाज में समय बिताया। इसके बाद बच्चे को अपनी गोद में उठाकर उसका हालचाल पूछा।

कलेक्टर ने बच्चों के उपचार, स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति के संबंध में चिकित्सक जितेंद्र रायकवार से जानकारी ली तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जर्जर अस्पताल भवन को डिस्मेंटल करने के आदेश जल्द

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी एवं जर्जर बिल्डिंग को डिस्मेंटल करने के आदेश सोमवार को जारी किए जाएंगे। उन्होंने मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी भी ली, ताकि भवन संबंधी कार्य के दौरान भर्ती मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वाहन छोड़कर करीब एक किलोमीटर पैदल चले कलेक्टर

स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद कलेक्टर वाहन से जाने के बजाय पैदल ही तहसील कार्यालय की ओर रवाना हुए। करीब एक किलोमीटर के पैदल सफर के दौरान उन्होंने नगर की विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

इस दौरान साथ चल रहे पत्रकारों ने भी उन्हें नगर की विभिन्न समस्याओं और विभागों की जमीनी स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर का इस तरह पैदल नगर भ्रमण करना लोगों के लिए कौतूहल और चर्चा का विषय रहा।

सांदीपनि विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग को लेकर सुझाव

पैदल भ्रमण के दौरान शासकीय सांदीपनि विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग को लेकर भी चर्चा हुई। बताया गया कि नई बिल्डिंग बनने के बाद पुराना भवन उपयोग से बाहर होने की स्थिति में आ सकता है।

इस पर सुझाव दिया गया कि भीलों की खेड़ी में संचालित हायर सेकेंडरी स्कूल को इस भवन में शिफ्ट किया जा सकता है। इससे पुराने भवन का संरक्षण होने के साथ ही उसका बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित हो सकेगा। कलेक्टर ने सुझाव पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

तहसील पहुंचकर राजस्व कार्यों की समीक्षा

तहसील कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने तहसीलदार मनीष जैन से राजस्व संबंधी कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व निरीक्षक कोमल चारेल, शोएब खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर के सैलाना दौरे में प्रशासनिक निरीक्षण के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी दृश्य देखने को मिला। भर्ती बच्चे को गोद में उठाकर उसका हाल पूछने से लेकर बिना औपचारिकता के करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर नगर की व्यवस्थाओं को समझने तक, कलेक्टर का सहज अंदाज पूरे दिन सैलाना में चर्चा का विषय बना रहा।

MP Headlines
Author: MP Headlines