रक्षाबंधन महोत्सव में बहनों ने पार्षद मंगलेश कसेरा को बांधा रक्षा सूत्र

स्नेह और आशीर्वाद से भावुक हुए कसेरा, पत्रकारों का भी हुआ सम्मान

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद मंगलेश सत्यनारायण कसेरा द्वारा रक्षाबंधन महोत्सव का अनूठा पारिवारिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्ड की बहनें शामिल हुईं। बहनों ने पार्षद मंगलेश कसेरा की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें भाई के रूप में आशीर्वाद दिया। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और आत्मीयता का भावपूर्ण माहौल नजर आया।

लगातार आयोजित किए जा रहे इस आयोजन में कसेरा धर्मशाला में उस समय पारिवारिक उत्सव का रूप ले लिया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक शामिल होकर पार्षद कसेरा को रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखी, स्वस्थ एवं उज्ज्वल जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। बहनों द्वारा मिले स्नेह और आशीर्वाद से पार्षद कसेरा भी भावुक नजर आए।
आयोजन में महिलाओं के साथ उनके नन्हे भांजे-भांजियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। बच्चों के लिए अलग से खेल-कूद एवं मनोरंजन के साधन लगाए गए, जिसका उन्होंने जमकर आनंद लिया। बच्चों की मस्ती और महिलाओं के उत्साह से आयोजन में चार चांद लग गए।

नगर के पत्रकारों का किया सम्मान
रक्षाबंधन महोत्सव के दौरान  मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत और पार्षद मंगलेश कसेरा ने प्रेस क्लब परिवार को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित करते  हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। पत्रकारों के सम्मान से कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी खुशी जाहिर की।
भाई-बहन के रिश्ते और सामाजिक समरसता का संदेश
यह आयोजन केवल रक्षाबंधन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देता नजर आया। महिलाओं, बच्चों और पत्रकारों को एक साथ जोड़कर किए गए इस अनूठे आयोजन की नगर में  चर्चा रही।

MP Headlines
Author: MP Headlines