‘उद्यम संवाद’ में उद्योगपतियों ने रखीं समस्याएं, फसल क्षति के पारदर्शी सर्वे का दिया भरोसा
रतलाम, 11 सितम्बर। भोपाल जिले की बैरसिया तहसील स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत वृहद जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर तथा ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री चैतन्य काश्यप शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा आमजन से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं पर कार्रवाई की गई।
एक सप्ताह में करें प्रत्येक आवेदन का निराकरण
प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनहितैषी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनमें आवेदक को समस्या के कारण तथा संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
फसल क्षति का होगा पारदर्शी सर्वे
काश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। सोयाबीन की फसल में हुई क्षति का पारदर्शी सर्वे कराने के लिए शीघ्र ही सर्वे दलों का गठन किया जाएगा। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा।
सहकारिता, दुग्ध संघ और खाद्य प्रसंस्करण पर जोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सहकारिता एवं दुग्ध संघ को सुदृढ़ करने के साथ खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और पशुपालन के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों के विकास से किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उद्यमियों ने रखीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘उद्यम संवाद’ में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रभारी मंत्री के समक्ष रखे। औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना, भू-खंड आवंटन तथा विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रभारी मंत्री काश्यप ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं आमजन मौजूद रहे।
Author: MP Headlines


