राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर महत्वपूर्ण निर्णय
रतलाम। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन रतलाम स्थित हीरा पैलेस में संपन्न हुआ। अधिवेशन में मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना से पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में आयोजित अधिवेशन में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय कमेटी ने संगठन के विभिन्न पदों में वृद्धि करने तथा आगामी समय में देशभर में पार्टी के संगठन को मजबूत एवं विस्तारित करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
राष्ट्रीय महासचिव और कोषाध्यक्ष की नियुक्ति
अधिवेशन के दौरान विगत वर्ष पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर प्रतापगढ़ के मांगीलाल निनामा को राष्ट्रीय महासचिव तथा डूंगरपुर के पोपटलाल खोखरिया को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
आदिवासी और वंचित वर्गों की भागीदारी पर जोर
बांसवाड़ा सांसद राजकुमार ने संबोधित करते हुए भारत आदिवासी पार्टी के संगठन को देश के विभिन्न राज्यों में विस्तार देने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में आदिवासी समाज एवं वंचित वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अधिवेशन को राजस्थान विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी विधायक दल के नेता थावर चंद्र डामोर, आसपुर विधायक उमेश डामोर, बागीदोरा विधायक जयकृष्ण पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबिता कच्छप, झारखंड से विजय कुजूर तथा आंध्रप्रदेश से राजाबाबू सहित मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर मंथन
दो दिनों तक चले राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार, विभिन्न राज्यों में प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन का संचालन सचिन गामड़, ध्यानवीर डामोर एवं दशरथ बारिया ने किया।
कमलेश्वर डोडियार ने जताया आभार
समापन अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा एवं कांग्रेस के अलावा भारत आदिवासी पार्टी के एकमात्र विधायक एवं सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, आदिवासी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में संगठन का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
अधिवेशन में देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।
Author: MP Headlines


