पार्षदों ने थाना प्रभारी और सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, सड़क-फुटपाथ पर रखी सामग्री हटाने की मांग
सैलाना। नगर के व्यस्त एवं प्रमुख धार्मिक स्थल सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर कथित अतिक्रमण को लेकर पार्षदों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। पार्षदों ने 11 सितंबर को सैलाना थाना प्रभारी एवं नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क और फुटपाथ पर रखी गई व्यावसायिक सामग्री हटाने तथा आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

ज्ञापन में पार्षदों ने बताया कि सत्यनारायण मंदिर चौराहा नगर का प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्र है। आरोप है कि कुछ होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा दुकानों की सीमा से बाहर टेबल-कुर्सियां, भट्टियां, व्यावसायिक गैस सिलेंडर, काउंटर सहित अन्य सामग्री रखी जा रही है। इससे सड़क एवं फुटपाथ का उपयोग प्रभावित होने के साथ मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
पार्षदों ने ज्ञापन में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि सार्वजनिक मार्ग एवं चौराहे पर टेबल-कुर्सियां लगाए जाने तथा लोगों के जमावड़े के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
गणेश पंडाल के दौरान बढ़ेगी भीड़, आगजनी की आशंका
पार्षदों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर परंपरागत रूप से गणेश पंडाल लगाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सड़क के आसपास भट्टियां और गैस सिलेंडर रखे होने से आगजनी जैसी घटना का जोखिम बढ़ सकता है। साथ ही भीड़ के समय यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सावधानी की आवश्यकता जताई गई।
संयुक्त कार्रवाई और नियमित पुलिस गश्त की मांग
ज्ञापन के माध्यम से नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन से संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ से कथित अतिक्रमण हटाने, टेबल-कुर्सियां एवं भट्टियां हटवाने तथा सार्वजनिक स्थान पर व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके अलावा गणेश उत्सव के दौरान चौराहे पर नियमित पुलिस गश्त, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी की गई है।
पार्षदों ने प्रशासन से गणेश उत्सव से पहले आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण मिल सके।
ज्ञापन देने में पार्षद विशाल धभाई, हेमलता धभाई, कुलदीप कुमावत, एल्डरमैन नाथू लाल राठौर रवि शर्मा वर्दी चंद पाटीदार सपना खराड़ी उपस्थित थे।
Author: MP Headlines


