अफजलपुर पुलिस की कार्रवाई: 26 लाख की एमडी ड्रग्स सहित 5.15 किलो डोडाचूरा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को थाना अफजलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की लोअर पहने हुए, हाथ में विमल का झोला लेकर पलवई फंटे से कहीं जाने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पलवई फंटे पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए हुलिए का एक व्यक्ति हाथ में झोला लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम और पंचों की मदद से उसे रोक लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मुख्तयार अहमद खान पिता मुस्लिम अहमद खान (50 वर्ष), निवासी नीम चौक के पीछे, सागर पेशा, जावरा शहर, जिला रतलाम के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी लोअर की बाईं जेब में प्लास्टिक की थैली से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा हाथ में लिए विमल के झोले से 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जब्त मादक पदार्थ

– एमडी ड्रग्स – 260 ग्राम, अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये।
– डोडाचूरा – 5 किलो 150 ग्राम, अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये।

कार्रवाई में अफजलपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंदसौर ग्रामीण जितेंद्र भास्कर के निर्देशन में की गई।

MP Headlines
Author: MP Headlines