कालूखेड़ा में लगा जन-विश्वास शिविर, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश, हितग्राही नानालाल वंचोरिया को मिली मिनी ट्रैक्टर की चाबी

कालूखेड़ा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उपमंडी कालूखेड़ा में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर अजय कटेसरिया, डीआईजी निमिष अग्रवाल, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर के दौरान ग्रामीणजनों ने विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। जनसंवाद एवं जनसुनवाई के दौरान विधायक डॉ. पांडेय, संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी ग्रामीणजनों को दी गई।

नानालाल वंचोरिया को मिली मिनी ट्रैक्टर की चाबी

शिविर के दौरान एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना अंतर्गत बागवानी यंत्रीकरण के तहत हितग्राही नानालाल वंचोरिया को स्वीकृत मिनी ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। मिनी ट्रैक्टर मिलने से हितग्राही को कृषि एवं बागवानी संबंधी कार्यों में सुविधा मिलने की बात अधिकारियों द्वारा बताई गई। इस अवसर पर योजना के माध्यम से हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जा रहे कृषि यंत्रों एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर में जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines