सर्वसमाज ने अच्छी बारिश और खुशहाल फसल की कामना से की पूजा-अर्चना, बोहरा समाज ने अलम निकालकर इमाम हुसैन के वसीले से मांगी बारिश की दुआ
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र में इस वर्ष अपेक्षाकृत कम मानसूनी बारिश के चलते किसान, व्यापारी और आमजन चिंतित हैं। सोयाबीन, मक्का, कपास सहित अन्य फसलों की स्थिति बारिश पर निर्भर बनी हुई है। वहीं जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं होने से पेयजल को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। क्षेत्र में अच्छी बारिश, फसलों की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को सर्वसमाज के आह्वान पर सामूहिक उज्जैनी का आयोजन किया गया।

नगरवासियों ने धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर इंद्रदेव से क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा की प्रार्थना की। आयोजन में सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देखने को मिला।
व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखकर निभाई सहभागिता
सामूहिक उज्जैनी के तहत नगर से बाहर पहुंचकर सामूहिक रूप से भोजन-प्रसादी तैयार की गई। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अच्छी बारिश, अच्छी फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
सनातन धर्म महासभा, सैलाना की ओर से व्यापारियों एवं नगरवासियों से उज्जैनी में सहभागी बनने की अपील की गई थी। इसके चलते अनेक व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आयोजन में सहभागिता निभाई।

बोहरा समाज ने अलम निकालकर मांगी बारिश की दुआ
सामूहिक उज्जैनी के साथ बोहरा समाज द्वारा भी शनिवार को बारिश की कामना को लेकर धार्मिक जुलूस निकाला गया। बोहरा समाज के प्रवक्ता बुरहान लुकमानी ने बताया कि समाज द्वारा अलम निकाला गया, जो बोहरा मस्जिद से प्रारंभ होकर राजवाड़ा एवं सदर बाजार होते हुए मुफद्दल बाग पहुंचा।
अलम के साथ बोहरा समाज के आमिल मुल्ला हुसैन भाई के नेतृत्व में समाजजन इल्तिजा पढ़ते हुए चले। मुफद्दल बाग पहुंचने के बाद दरिस पढ़ी गई। इस दौरान इमाम हुसैन को याद कर मातम किया गया और उनके वसीले से क्षेत्र में भरपूर बारिश के लिए विशेष दुआ मांगी गई।
जुलूस में युवाओं के साथ वरिष्ठजन एवं बच्चे भी शामिल हुए। इस अवसर पर शेख हैदर अली, शेख मुस्तनसिर, सेक्रेटरी खोजेमा मजाकी, हुसैन खुर्शीद भाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती एवं महाप्रसादी
शनिवार शाम 7:30 बजे क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं अच्छी वर्षा की मंगलकामना को लेकर श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान नीलकंठेश्वर महादेव की महाआरती में शामिल होकर धर्मलाभ लिया।
आरती के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में अच्छी वर्षा और किसानों के खेतों में खुशहाली की कामना की।
उज्जैनी से पहले ही बरसे इंद्रदेव
उल्लेखनीय है कि सामूहिक उज्जैनी से एक दिन पूर्व रात से ही क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो गया था। शनिवार को उज्जैनी के दिन भी वर्षा जारी रही, जिससे लोगों में खुशी का माहौल रहा।
नगरवासियों ने इसे सामूहिक प्रार्थना और इंद्रदेव की कृपा से जोड़कर देखा। सैलाना में आयोजित सामूहिक उज्जैनी और बोहरा समाज की दुआ ने अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के बीच क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी बारिश की साझा कामना को सामने रखा। आयोजन में सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
Author: MP Headlines


