लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त आज होगी अंतरित, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे ₹1,835 करोड़

आगर मालवा/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।

सितंबर माह की किस्त के साथ योजना के प्रारंभ से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में महिलाओं के खातों में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।

₹1,000 से शुरू हुई सहायता अब ₹1,500 प्रतिमाह

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। अक्टूबर 2023 से राशि बढ़ाकर 1,250 रुपये प्रतिमाह की गई। इसके बाद नवंबर 2025 से 250 रुपये की वृद्धि के साथ वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है।

योजना के प्रावधानों के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 900 रुपये प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है। ऐसी महिलाओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।

39 किस्तों का भुगतान पूरा, अब 40वीं किस्त

जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर माह में 40वीं किस्त का अंतरण होगा। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।

आगर मालवा में विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ करेंगे। वे 225.95 करोड़ रुपये लागत के 33 कार्यों का भूमि-पूजन तथा 28.14 करोड़ रुपये लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines