रतलाम-जावरा के होटल-रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

बटर, दही, पनीर, तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

रतलाम, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार जिले में बड़े होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रतलाम एवं जावरा क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

रतलाम में समता सागर होटल का निरीक्षण किया गया। यहां से जांच के लिए पनीर, काबुली चना एवं रेड चेरी के नमूने लिए गए। इसके बाद होटल सेंट्रल बालाजी, सैलाना रोड का निरीक्षण किया गया, जहां से चपाती के साथ उपयोग किए जाने वाले बटर का नमूना लिया गया। टीम ने मौके पर होटल प्रबंधन को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों का उचित तरीके से रखरखाव करने के निर्देश दिए।

जावरा में दही, पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने भूतड़ा टोल नाके के पास स्थित ढाबा शब्बा न्यू जैन ढाबा का निरीक्षण किया। मौके पर प्रभारी प्रकाश पिता प्रेमनाथ सिद्ध फर्म का संचालन करते पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत मिलावट की शंका के आधार पर दही का नमूना लिया गया।

अधिकारी ने मौके पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया। ढाबा संचालक को परिसर में साफ-सफाई रखने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव के लिए भी निर्देशित किया गया।

इसी प्रकार होटल श्री रमैया पैलेस, रूपनगर फंटा, जावरा का निरीक्षण कर प्रोपराइटर दीपक राठौर पिता शंकरलाल राठौर से खाद्य पदार्थ पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines