जैन समाज ने निकाला वरघोड़ा, मंदिरों में हुई आकर्षक अंगरचना; स्वामी वात्सल्य का आयोजन
सैलाना। जैन समाज के आराध्य तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म वाचन पर्व सैलाना में जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ एवं स्थानकवासी जैन संघ द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दोनों जैन समाजों द्वारा धार्मिक आयोजन किए गए तथा श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्री संघ द्वारा श्री मुनिसुव्रत स्वामी छोटा जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी के जन्म वाचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 14 स्वप्नों की बोली, अष्टमंगल, भगवान को पालना झुलाने, संध्याकालीन आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों जैन मंदिरों की ध्वजा तथा तपस्वियों के सम्मान सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में श्रावकों ने बोली लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। इन बोलियों में एक लाख रुपये से अधिक की बोली भी लगी।

जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने बताया कि मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का जन्म वाचन विधि-विधान एवं धार्मिक वातावरण में किया गया। आयोजन के पश्चात छोटा जैन मंदिर से बड़े जैन मंदिर तक वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें समाजजन उत्साह के साथ शामिल हुए।
छोटा जैन मंदिर एवं बड़ा जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी की आकर्षक अंगरचना की गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। धार्मिक आयोजन के समापन के बाद समाजजनों के लिए स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया।

स्थानकवासी संघ ने भी मनाया जन्म वाचन
इधर, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन संघ द्वारा स्वाध्याय भवन में तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म वाचन किया गया। इस दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान महावीर के जन्मोत्सव की खुशियां श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाईं।
दोनों जैन संघों के आयोजनों के पश्चात श्रावकों को केसरिया छापे लगाए गए और भगवान महावीर स्वामी के जन्म वाचन की खुशियां साझा की गईं। पूरे आयोजन के दौरान सैलाना का जैन समाज धार्मिक एवं आध्यात्मिक उल्लास में डूबा नजर आया।
Author: MP Headlines


