श्रद्धालुओं ने महाआरती में शामिल होकर श्रीचिंताहरण गणपति जी का आशीर्वाद प्राप्त किया
सैलाना। बारह दिवसीय श्री गणेश उत्सव आरंभ, गणेश चतुर्थी पर नगर में गूंजा गणपति बप्पा मोरया का जयघोष,रतलाम जिले के सैलाना नगर स्थित प्राचीन श्रीचिंताहरण गणपति मंदिर पर गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष श्री चिंताहरण गणपति मंदिर पर सोमवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दोपहर 12 बजे पंडित आशीष पांडे एवं पंडित मोनू शर्मा द्वारा भगवान श्री चिंताहरण गणपति महाराज की विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन के पश्चात भव्य महाआरती की गई। करीब एक घंटे तक चली महाआरती में आमजन, धर्मप्रेर्मियो से लेकर जनप्रतिनिधि महाआरती में झूम उठे, महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सम्मिलित होकर भगवान श्रीचिंताहरण गणपति जी के दर्शन किए और उनका शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाआरती के अवसर पर भगवान श्री गणेशजी महाराज को 5 हजार लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आकर्षक विद्युत सज्जा से सजा श्री चिंताहरण गणपति मंदिर
गणेश चतुर्थी को लेकर श्री चिंताहरण गणपति मंदिर को इस वर्ष विशेष आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और सुसज्जित लाइटों से जगमगाता मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वही रात के समय विद्युत सज्जा की आकर्षक छटा देखते ही बन रही है।

आज घर-घर विराजें श्री गणेश
गणेश चतुर्थी के साथ ही सैलाना नगर में 12 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ हो गया। नगर के हर गली-मोहल्ले के साथ ही सैलाना क्षेत्र के दुर्गम एवं आसपास के गांवों में भी भगवान श्री गणेशजी की देर रात्रि तक स्थापना की गई है। गणेश उत्सव को लेकर बच्चों, युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

गली-मोहल्लों में सजे बप्पा के आकर्षक पंडाल
श्रीगणेश उत्सव को लेकर नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रीगणेश उत्सव समितियों द्वारा भगवान श्री गणेशजी की स्थापना के लिए भव्य एवं आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। पांडालों में रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा सहित आकर्षक सजावट की गई है, जिससे नगर में उत्सवी माहौल नजर आने लगा है।
गणेश स्थापना के साथ ही आगामी 12 दिनों तक नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला चलेगा। नगर की विभिन्न समितियों द्वारा प्रतिदिन भगवान श्रीगणेश की आरती, पूजा-अर्चना सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अबकी बार अगले 12 दिनों तक सैलाना नगर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजता रहेगा।
Author: MP Headlines


