दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी रोकने संयुक्त पेट्रोलिंग और थर्मल ड्रोन से निगरानी

माही नदी पुल के आसपास संवेदनशील हिस्से पर विशेष फोकस, पुलिस सेवा केंद्र की भी योजना

रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर वाहनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए रतलाम और झाबुआ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना तैयार की है। इसके तहत संयुक्त पेट्रोलिंग, थर्मल ड्रोन से निगरानी और पुलिस सेवा केंद्र की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है।

इस संबंध में हुई बैठक में रतलाम एसपी अमित कुमार, झाबुआ एसपी देवेंद्र पाटीदार, सैलाना एसडीओपी लेखराज मीणा और थांदला एसडीओपी राजेश सूलिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से माही नदी पुल के आसपास के उस हिस्से पर ध्यान केंद्रित किया गया, जहां पिछले छह महीनों में पत्थरबाजी की दो-तीन घटनाएं सामने आने की जानकारी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।

माही नदी पुल के आसपास विशेष निगरानी
पुलिस ने माही नदी पुल के आसपास के करीब 10 से 15 किलोमीटर क्षेत्र को विशेष निगरानी क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में पिछले छह महीनों के दौरान पत्थरबाजी की कुछ घटनाएं सामने आई हैं।
चिह्नित हॉटस्पॉट पर दोनों जिलों की ओर से पेट्रोलिंग वाहन और एक-चार के सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग भी करेगी।

थर्मल ड्रोन से रात में निगरानी
संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस थर्मल ड्रोन के माध्यम से निगरानी करेगी। इससे रात के समय भी संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिलेगी। माही नदी पुल पार करने के करीब आधा किलोमीटर बाद झाबुआ की ओर स्थित रेस्ट एरिया में पुलिस सेवा केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।

CCTV कैमरों की जांच, रात में NHAI की पेट्रोलिंग
बैठक में NHAI को एक्सप्रेस-वे के संबंधित हिस्से में लगे सभी CCTV कैमरों की जांच कर उन्हें चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही NHAI के पेट्रोलिंग वाहन शाम 7 बजे से रात 2 बजे तक नियमित पेट्रोलिंग करेंगे।

पुलिस और NHAI के बीच बनेगा त्वरित सूचना तंत्र
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रतलाम और झाबुआ पुलिस अधिकारियों तथा NHAI अधिकारियों का एक WhatsApp ग्रुप बनाया गया है। इसमें एक्सप्रेस-वे से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा की जाएंगी, ताकि किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

आसपास के गांवों में होगा जनसंवाद
पुलिस आने वाले दिनों में एक्सप्रेस-वे के आसपास स्थित गांवों और घरों में रहने वाले लोगों से जनसंवाद भी करेगी। संदिग्ध गतिविधियों अथवा व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी और आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

MP Headlines
Author: MP Headlines