रतलाम/सैलाना। देव झूलनी ग्यारस के अवसर परमंगलवार को सैलाना में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल रहा। नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान के झूले निकाले गए, जो दोपहर बाद महलवाड़ा में एकत्रित हुए। यहां परंपरा के अनुसार सैलाना के महाराजा विक्रम सिंह ने पुत्र दिव्यराज सिंह एवं युवराज सिंह तथा परिजन अमरसिंह, शेरसिंह, धर्मेंद्र सिंह और शिवराज सिंह के साथ भगवान के झूलों की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की।

ततपश्चात सभी झूले कतारबद्ध होकर राजवाड़ा से नगर भ्रमण के लिए निकले। झूलों के आगे ढोल-ढमाके और गाजे-बाजे के साथ अखाड़ों के कलाकार चल रहे थे। कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। भगवान के झूलों के दर्शन के लिए नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान को प्रसादी, धूप एवं अगरबत्ती अर्पित कर पूजा-अर्चना की।

नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए झूले स्थानीय विक्टोरिया तालाब के समीप गोविंद पर पहुंचे, जहां परंपरा के अनुसार भगवान के झूलों को ठंडा किया गया। झूलों के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग सैलाना पहुंचे। इस दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था माकूल बनाए रखी।
Author: MP Headlines


