सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना में मंगलवार को भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार सैलाना परियोजना अंतर्गत एक अभिनव पहल के रूप में विद्यारंभ सेरेमनी का आयोजन परियोजना एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर उत्साहपूर्वक किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित की गई, जिन्होंने शाला पूर्व शिक्षा पूर्ण कर आगामी सत्र में विद्यालय में प्रवेश लेना है।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, महिला एवं बाल विकास स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष सुभाष भाभर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रिया गेरा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बच्चों के माता-पिता को भी आमंत्रित किया गया और उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण एवं शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नन्हे बच्चों ने अपनी मधुर कविताओं और प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत सुनिश्चित करना रहा। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आंगनवाड़ी सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती दीपा चौधरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती ज्योति गोस्वामी द्वारा किया गया। यह आयोजन परियोजना अधिकारी रविंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने सभी का दिल जीत लिया।
Author: MP Headlines

















