सैलाना। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा घोषित कक्षा पाँचवीं और आठवीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों ने इस बार सैलाना विकासखंड में शिक्षा की मजबूत नींव और विद्यार्थियों की मेहनत को शानदार तरीके से उजागर किया है। पूरे विकासखंड में परिणाम बेहद उत्साहजनक और “सुहाने” रहे, जिसने शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के चेहरे पर खुशी ला दी।
बीआरसी नरेंद्र पासी ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा पाँचवीं में कुल 3459 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 3080 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 3001 विद्यार्थी सफल रहे, जिससे परिणाम 97 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज हुआ जो कि एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

वहीं कक्षा आठवीं के परिणाम भी पीछे नहीं रहे। कुल 2339 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1919 परीक्षा में शामिल हुए और 1892 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इस प्रकार कक्षा आठवीं का परिणाम 96 प्रतिशत रहा, जो शिक्षा स्तर की मजबूती को दर्शाता है।

नगर के प्रमुख संदीपनी विद्यालयों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी पहचान मजबूत की। शिक्षा विभाग द्वारा संचालित संदीपनी विद्यालय में कक्षा आठवीं (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बना।
वहीं आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित संदीपनी विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम की दोनों कक्षाओं का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जबकि हिंदी माध्यम की कक्षाओं ने भी 93 प्रतिशत सफलता दर के साथ सराहनीय प्रदर्शन किया।कुल मिलाकर, इस वर्ष सैलाना के परीक्षा परिणामों ने यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और शिक्षकों के समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
Author: MP Headlines


















