आलोट पुलिस की सफलता — गुम हुए 21 मोबाइल फोन ट्रेस कर मालिकों को लौटाए

रतलाम | जिले में आमजन की संपत्ति की सुरक्षा एवं गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु रतलाम पुलिस द्वारा सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना आलोट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है, जहां गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया।

पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल तथा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में गुम हुए कुल 21 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपए है, को CEIR पोर्टल के माध्यम से सफलतापूर्वक ट्रेस किया गया।

ट्रेस किए गए सभी मोबाइल फोन को विधिवत उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाया गया, जिससे नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। उल्लेखनीय है कि थाना आलोट पुलिस द्वारा विगत दो वर्षों में कुल 125 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जो पुलिस की प्रतिबद्धता एवं तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।

रतलाम पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते मोबाइल ट्रेस किया जा सके।

सराहनीय भूमिका— इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, आरक्षक रोनक पोरवाल, आरक्षक शुभम भाटी एवं थाना आलोट पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से यह सफलता प्राप्त हुई।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp