सैलाना/रतलाम। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा विद्यालयों में शिक्षकों के माध्यम से मनाई जा रही बर्थडे पार्टियों पर रोक लगाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को लिखे गए पत्र के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए सभी शासकीय विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में शैक्षणिक समय के दौरान बर्थडे पार्टी जैसे आयोजनों से पढ़ाई बाधित होती है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ता है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों पर इसका नकारात्मक प्रभाव देखा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में केवल शैक्षणिक एवं आवश्यक गतिविधियां ही संचालित की जाएं। गैर-शैक्षणिक आयोजनों से दूर रहकर शिक्षण कार्य को प्राथमिकता दी जाए और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस आदेश के बाद जिले के शासकीय विद्यालयों में अनुशासन और पढ़ाई के माहौल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Author: MP Headlines


















