पराली पर सख्ती, कचरे पर चुप्पी: सैलाना नगर परिषद खुद बना रही धुएं का गुबार!”

सैलाना। एक ओर रतलाम जिला प्रशासन द्वारा पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई और आर्थिक दंड की चेतावनी दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर सैलाना नगर परिषद खुद ही नियमों की धज्जियां उड़ाती नजर आ रही है। नगर के बोदीना रोड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड (कचरा डंपिंग स्थल) पर खुलेआम कचरे के ढेर में आग लगाकर वातावरण को प्रदूषित किया जा रहा है।

गौरतलब है कि महज दो दिन पूर्व ही भोपाल से आए अधिकारियों ने स्वच्छता व्यवस्था के तहत इस ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के तुरंत बाद ही कचरे में आग लगना कई सवाल खड़े कर रहा है—क्या यह लापरवाही है या जिम्मेदारों की अनदेखी? आग से उठता घना धुआं बोदीना रोड से गुजरने वाले राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है, वहीं बदबूदार धुएं ने आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय रहवासियों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

आमजन का कहना है कि जब प्रशासन खुद ही पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन नहीं करेगा, तो आम लोगों से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? यह दोहरा रवैया प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या नगर परिषद पर भी वही सख्ती दिखाई जाएगी, जो आम किसानों पर लागू की जा रही ।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp