सैलाना। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित सान्दीपनि विद्यालय सैलाना में हाल ही में घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं की छात्रा शिवानी राठौर को 90.4% अंक प्राप्त करने पर तथा कक्षा 12वीं कृषि संकाय के छात्र लोकेश पाटीदार को 86.2% अंक हासिल करने पर संस्था के प्राचार्य वीरेंद्र मिण्डा द्वारा सभी विद्यार्थियों के समक्ष सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन तक पहुँचाने वाले शिक्षकों—भूपेश श्रीवास, डॉ. प्रतीक शर्मा, मयंक जायसवाल, रीता गुप्ता, सीमा शर्मा, हेमंत व्यास, अर्चना जोशी, ममता पाटीदार, अभिधा सोलंकी, भंवरलाल नागर, अंशुल राय एवं अणिमा आचार्य—को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शैलजा दवे, डॉ. राजेश सोनी, सुमन सिंह राठौर, जयश्री शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सभी ने विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि इस सम्मान समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया, जिससे वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित नजर आए।
Author: MP Headlines

















