दर्दनाक हादसा: एक्सप्रेस-वे पर ट्राले की टक्कर के बाद CNG कार बनी आग का गोला, युवक की मौके पर मौत

रतलाम/सैलाना,शिवगढ़। मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दोपहर एक भीषण और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ी के पास तेज रफ्तार ट्राले ने एक चलती CNG कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार कुछ ही पलों में आग के गोले में तब्दील हो गई और अंदर सवार लोग उसमें फंस गए।

हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है। मेघनगर (झाबुआ) से रतलाम की ओर जा रही कार को ट्राले ने इतनी जोर से टक्कर मारी कि वाहन का संतुलन बिगड़ते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

इस भयावह हादसे में कार चालक रोहित पिता जानिया (28 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। वहीं कार में सवार नरेंद्र पिता शांतिलाल राठौड़ (48 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उनकी बेटी तिशा (23 वर्ष) भी घायल हो गई। दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सिंह मकवाना, उप निरीक्षक अजमेर सिंह भूरिया और प्रधान आरक्षक मेहताब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आग पर काबू पाने में मदद करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्राला चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp