रतलाम /सैलाना/बाजना सैलाना विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात सामने आई है। विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा लगातार किए गए प्रयासों, लिखित आवेदन तथा विधानसभा में उठाई गई मांग का सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल ने आईटीआई बाजना में 50 हजार लीटर क्षमता वाले अंडरग्राउंड वाटर टैंक निर्माण कार्य के लिए 8.99 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी पत्र जारी कर दी है।

राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, संचालनालय कौशल विकास अंतर्गत व्यावसायिक प्रशिक्षण के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार योजना के तहत विधायक कमलेश्वर डोडियार की मांग पर यह स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन आदेश क्रमांक 132 / ई-443917 / 2026 / 42-2 / दिनांक 22 जनवरी 2026 के माध्यम से राशि मंजूर की गई है। यह निर्माण कार्य आईटीआई बाजना परिसर में लंबे समय से महसूस की जा रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विधायक कमलेश्वर डोडियार ने क्षेत्रीय दौरे के दौरान आईटीआई बाजना में विद्यार्थियों को पानी की समस्या से जूझते देखा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल शासन को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया और विधानसभा सत्र के दौरान भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
लगातार फॉलोअप के बाद अब शासन स्तर से बजट स्वीकृत हुआ है, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने विधायक डोडियार के इस प्रयास की सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय से संस्थान में पानी संग्रहण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे गर्मी के दिनों में प्रशिक्षण प्रभावित होता था। 50 हजार लीटर क्षमता का यह अंडरग्राउंड वाटर टैंक बनने से पानी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक कमलेश्वर डोडियार लगातार सैलाना विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर सक्रिय हैं और शिक्षा, रोजगार तथा युवाओं के हित में लगातार काम कर रहे हैं। आईटीआई बाजना में यह स्वीकृति उनके जनहितकारी प्रयासों की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
Author: MP Headlines












