गोधुलिया तालाब में खुलेआम मछलियों का शिकार, रोक के बावजूद नहीं दिख रहा कोई चेतावनी बोर्ड

सैलाना। नगर के प्रमुख जलस्रोतों में शामिल  गोदुलिया तालाब (हनुमान मंदिर) पर इन दिनों मछलियों के अवैध शिकार का केंद्र बनता जा रहा है। तालाब पर खुलेआम मछलियां पकड़ी जा रही हैं, लेकिन नगर परिषद और जिम्मेदार विभाग इस ओर पूरी तरह अनभिज्ञ नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि तालाब में मछली शिकार पर रोक है, तो वहां कोई सूचना बोर्ड या चेतावनी संकेत क्यों नहीं लगाया गया?

स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार है। मछलियां जल की स्वच्छता और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद तालाब पर लगातार जाल डालकर शिकार किया जा रहा है और जिम्मेदार विभाग मौन बना हुआ है।

नगर परिषद सैलाना की प्राथमिकताओं पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। परिषद से इस विषय में जानकारी मांगे गे तब हमेशा की तरह (अक्सर) यही जवाब मिलता है — “आपने बताया है, हम दिखवाते हैं।” लेकिन अब तक मौके पर न तो कोई रोक संबंधी बोर्ड लगाया गया और न ही कोई सख्त कार्रवाई दिखाई दी।स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने मांग की है कि नगर परिषद सैलाना तत्काल संज्ञान लेते हुए तालाब पर चेतावनी बोर्ड लगाए, नियमित निगरानी की व्यवस्था करे और मछलियों के शिकार पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करे।

“जल है तो जीवन है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है। यदि समय रहते तालाब और उसमें जीवित जलीय प्रजातियों की सुरक्षा नहीं की गई, तो पर्यावरण संतुलन पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। इन मछलियों को भी जीवनदान देने के लिए प्रशासन को अब संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी होगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp