विधायक डोडियार ने हरी झंडी दिखाकर उन्नत कृषि अभियान रथ किया रवाना


रतलाम /सैलाना/बाजना। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उन्नत खेती के तौर-तरीकों से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को बाजना विकासखंड में “उन्नत कृषि अभियान रथ” का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने हरी झंडी दिखाकर कृषि जागरूकता रथ को रवाना किया।

यह अभियान वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है। आगामी 10 दिनों तक यह रथ विभिन्न ग्राम पंचायतों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में पहुंचकर किसानों को आधुनिक खेती और कृषि योजनाओं की जानकारी देगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है। उन्होंने बताया कि कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अब सीधे गांव-गांव पहुंचाई जाएगी। इस अभियान के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक कृषि उपकरणों और नवाचारों का लाभ मिलेगा, जिससे उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, जनपद सदस्य कमल डामर, भारत आदिवासी पार्टी के ब्लॉक उपाध्यक्ष रामा दामा, भाजपा नेता लग्जी चरपोटा, सांसद प्रतिनिधि संजय टांक, कृषि अधिकारी मंडलोई, मांगीलाल खराड़ी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड की 3 से 4 ग्राम पंचायतों में कृषि रथ पहुंचेगा। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी, कृषि उद्यमी एवं प्रगतिशील किसान स्थानीय कृषकों को खरीफ फसल की तैयारी, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन, जैविक खेती और सरकारी अनुदान योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।

क्षेत्र के किसानों में इस अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की पहल खेती-किसानी को नई दिशा देने के साथ किसानों को लाभकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp