सैलाना/रतलाम। जिले के जावरा में आज शुक्रवार को जावरा स्थित अंबिका रिसोर्ट में आज रतलाम जिला कांग्रेस समन्वय समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण, रणनीतिक और ऊर्जा से भरपूर बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मीनाक्षी नटराजन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिलीप सिंह गुर्जर, रतलाम जिला कांग्रेस प्रभारी रामवीर सिंह सिकरवार तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत सहित जिला समन्वय समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि अब समय व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर “एक जाजम” पर आने का है। सभी को एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना होगा, ताकि आगामी

विधानसभा चुनाव में पार्टी को निर्णायक बढ़त दिलाई जा सके।
नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह संघर्ष केवल सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, किसानों, युवाओं और माताओं-बहनों के अधिकारों की रक्षा का आंदोलन है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ केवल कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।

बैठक में प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा गया। वक्ताओं ने वर्तमान सरकार को “जनविरोधी, भ्रष्ट और निकम्मी” बताते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही प्रदेश को नई दिशा देने में सक्षम है। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय संघर्ष का है। जनता की आवाज बनकर गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचना होगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में फिर से जनहितैषी कांग्रेस सरकार स्थापित की जा सके।
Author: MP Headlines












