सैलाना/बड़ावदा। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले के नगर परिषद क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को संध्याकालीन वार्ड स्तरीय शिविरों का आयोजन किया गया। नगर परिषद सैलाना एवं बड़ावदा में आयोजित इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद अधिकारियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
सायं 6 बजे से आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, समग्र आईडी, लाड़ली बहना योजना तथा पेंशन संबंधी शिकायतों एवं आवेदनों की सुनवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविरों में जल प्रदाय से संबंधित कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं सफाई एवं स्वच्छता से जुड़ी 4 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। इसके अलावा समग्र आईडी, लाड़ली बहना योजना एवं पेंशन संबंधी 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 मामलों का त्वरित समाधान अधिकारियों द्वारा किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिन शिकायतों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों का उद्देश्य आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से शासन द्वारा आयोजित ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर आयोजित इन शिविरों से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान संभव हो रहा है, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो रहा है। प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के संध्याकालीन शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
Author: MP Headlines












