सैलाना। रतलाम 30 मई / 21 म. प्र. बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 02 जून तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीयविद्यालय सैलाना में आयोजित किया जा रहा है ।
शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसी के तारतम्य में फोर्स ऐकेडमी, इन्दौर के संचालक श्री लखन यादव, कपिल यादव तथा महेन्द्र यादव द्वारा युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती होने हेतु प्रेरक उद्बोधन दिया गया। उनके द्वारा सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में भर्ती होने के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तो,शारीरिक एवं शैक्षणिक योग्यताओं तथा चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने युवाओं को नियमित व्यायाम, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
वक्तओं द्वारा बताया गया कि भारतीय सशस्त्र बल देश की सुरक्षा एवं अखंडता के प्रतीक हैं तथा इनमें सेवा करना गौरव और सम्मान की बात है। व्याख्यान माला की इसी कढी में समता युवा संघ के अध्यक्ष श्री अर्पित जी गांधी एवं धीरजलाल जी मुणत ने अच्छे विचारों से चरित्र का निर्माण विषय पर व्याख्यान दिया। उनके द्वारा सर्वप्रथम नशे से दूर रहकर अच्छी आदत जैसेः- दयाभाव, अच्छे कर्म, अनुशासन, धैर्य आदि को अपनाने की सलाह दी। उनके द्वारा जीवन में सफलता के लिए छोटा रास्ता ना चुनकर संर्घष और मेहनत से मन को खुश रख कर सफल बनने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा जीवन में सफल न होने पर दिमाग को स्थिर बनाएं रखने एवं हार ना मानने के बारे में भी बताया गया और देश का एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान लेफ्टिनेंट विजेन्द्र सोंलंकी, सी/ओ सुरेन्द्र सिंह चैहान, सी/ओ डाॅ विजयसिंह पुरावत, एफ/ओ माया मेहता, एफ/ओ धर्मपाल मीणा, एस/ओ कौशलसिंह, राकेश हारोड, चंद्रप्रकाश सोलंकी, सआदत खान, शुभम उपाध्याय सहित पीआई स्टाॅफ तथा कार्यालयीन स्टाॅफ उपस्थित थे ।
Author: MP Headlines












