विश्व पर्यावरण दिवस पर  ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प,

पर्यावरण संरक्षण के लिए 5 जून से 30 सितम्बर तक चलेगा विशेष अभियान

रतलाम 05 जून/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधा रोपित कर भारत सरकार का जन एवं समुदायिक सहयोग से ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ राष्ट्रयव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस वर्ष यह अभियान 5 जून से 30 सितम्बर 2026 तक व्यापक रूप से प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।

जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शासकीय कार्यालयो में अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। जिला स्तर पर नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा मानस भवन बगीचे में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिसर में अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।

पौधारोपण कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने संबोधित करते हुए कहा कि आज  जिले के 1399 बूथों पर सांकेतिक रूप से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा आगामी एक माह तक यह अभियान जारी रहेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को लगाए गए पौधे की देखरेख और उसे वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा नियमित रूप से देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा हरित विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया ।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने उद्बोधन में कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण, देखभाल और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए। वृक्षों की संख्या बढ़ने से पर्यावरण संतुलित रहता है और तापमान नियंत्रित करने में मदद मिलती है। जल और वृक्ष दोनों ही मानव जीवन के आधार हैं। जल का अनावश्यक अपव्यय रोकने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है।

पर्यावरणविद डॉ खुशाल सिंह पुरोहित ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम मे रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष रतलाम विकास प्राधिकरण गोविंद काकानी, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित, पर्यावरणविद डॉ खुशाल सिंह पुरोहित, पार्षद हिना मेंहता, विशाल शर्मा, उपाध्यक्ष प्रहलाद राठौर, नंदकिशोर पवांर सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे। उपस्थितजनों का स्वागत एवं आभार आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना ने किया। संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp