- तुलसी वाटर पार्क में स्वीमिंग पूल की आड़ में चल रहा था अवैध स्पा सेंटर
- ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, सूचना सही निकलते ही मारा छापा
- एसपी बोले- हर पहलू की जांच जारी
नामली / रतलाम। रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में शुक्रवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध स्पा सेंटर का भंडाफोड़ किया। पुलिस को लंबे समय से यहां स्वीमिंग पूल की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत की पुष्टि होते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमार कार्रवाई कर दी।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर महिला अधिकारियों सहित विशेष टीम गठित की गई थी। कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए संबंधित थाना क्षेत्र को भी पूर्व सूचना नहीं दी गई और टीम के सदस्यों के मोबाइल तक बंद करा दिए गए। पुलिसकर्मी पहले ग्राहक बनकर स्पा सेंटर पहुंचे और सूचना की पुष्टि की। जैसे ही शिकायत सही पाई गई, एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, डीएसपी अनिशा जैन, महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी और अन्य अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि वाटर पार्क परिसर में पीछे की ओर बने छह कमरों में चोरी-छिपे स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में युवकों के साथ मिलीं। पुलिस ने युवतियों और युवकों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हिरासत में ली गई तीनों युवतियां थाईलैंड की हैं। इनमें से एक का वीजा समाप्त हो चुका था, जबकि दूसरी युवती टूरिस्ट वीजा और तीसरी बिजनेस वीजा पर भारत आई थी। पुलिस के अनुसार, इन विदेशी नागरिकों के यहां रहने और कार्य करने संबंधी जानकारी स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित विभाग को भी नहीं दी गई थी।
मैनेजर और लाइसेंसधारी भी पुलिस हिरासत में
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर दिलीप ठाकुर और गुमाश्ता लाइसेंसधारी नरेश चौहान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने स्पा सेंटर के स्टाफ से भी जानकारी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि स्पा संचालन, कर्मचारियों की नियुक्ति और विदेशी युवतियों की मौजूदगी को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
वाटर पार्क संचालक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने वाटर पार्क संचालक योगेश सिंह डाबी को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों के अनुसार, विदेशी नागरिकों के संबंध में आवश्यक सूचना नहीं देने के मामले में उनके खिलाफ आप्रवास एवं विदेशी नागरिकों से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि लंबे समय से इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई है। स्पा सेंटर से थाईलैंड की तीन युवतियां मिली हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। विदेशी नागरिकों की सूचना संबंधित विभाग को नहीं दी गई थी। मामले में मिले दस्तावेजों, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवतियों को यहां कौन लेकर आया और वे किस उद्देश्य से कार्य कर रही थीं।
Author: MP Headlines












