सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में जिला प्रशासन जिला कलेक्टर मिशा सिंह की पहल पर आयोजित संध्याकालीन वार्ड स्तरीय शिविर में वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद आशा किशोर कसेरा ने वार्ड वासियों के साथ उपस्थित होकर विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा। पार्षद कसेरा ने शिविर प्रभारी धन्नालाल परमार को ज्ञापन देते हुए वार्ड में लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बैदराज गली सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में नवीन नाली निर्माण, आरसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर से लेकर विभिन्नआवासीय क्षेत्रों तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराए जाने का आग्रह किया गया।
पार्षद कसेरा ने बताया कि बैदराज गली एवं काशीराम जी की गली में पेयजल पाइप लाइन अत्यंत पतली होने के कारण रहवासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पुरानी पाइप लाइन हटाकर बड़ी क्षमता की नई पाइप लाइन बिछाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।

ज्ञापन सौंपते हुए पार्षद आशा किशोर कसेरा ने कहा कि वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक आवश्यकता है। उन्होंने शिविर प्रभारी से अनुरोध किया कि वार्ड क्रमांक 12 की इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और उन्होंने भी अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस वार्ड स्तरीय शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
संध्याकालीन शिविरों में प्राप्त हुए 16 आवेदन
जिले की नगर पालिका परिषद जावरा एवं नगर परिषद सैलाना में संध्याकालीन शिविर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लगाए गए। जिसमें जल से संबंधित 5 आवेदन, सफाई से संबंधित 2 आवेदन एवं 09 आवेदन -निर्माण, आवास योजना, स्पीड ब्रेकर, पेड़ की अधिक फैली हुई शाखाएँ काटने आदि से संबंधित प्राप्त हुए।
उक्त जानकारी पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा दी गई। जिले में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों में 26 मई से लगातार समस्या निवारण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं ।
Author: MP Headlines













