Skip to main content

MP Headlines

रतलाम: पत्नी से विवाद के बाद बीच-बचाव करने आए साले की मौत, जीजा फरार

रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम आकड़िया की घटना, गुप्तांग पर लात मारने का आरोप; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

 

 

रतलाम/रावटी। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम आकड़िया में पारिवारिक विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि जीजा ने पहले अपनी पत्नी और ससुर के साथ मारपीट की। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे साले के गुप्तांग पर लात मार दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उपचार के दौरान हालत में सुधार दिखने पर परिजन उसे घर ले आए थे, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

मौसर कार्यक्रम में हुआ विवाद

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पप्पू गामड़ (36), पिता भीमजी गामड़, निवासी ग्राम आकड़िया के काका के यहां 15 अक्टूबर 2026 को मौसर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पप्पू का जीजा गलिया कटारा, निवासी ग्राम सिंगत मउड़ी, भी अपनी पत्नी के साथ पहुंचा था।

रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच किसी बात को लेकर गलिया कटारा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान गलिया ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। पत्नी के साथ विवाद होता देख ससुर भीमजी गामड़ बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी विवाद करते हुए थप्पड़ मार दिया।

 

बीच-बचाव करने पहुंचे साले के साथ भी मारपीट

विवाद बढ़ने पर पप्पू गामड़ बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान गलिया कटारा ने पप्पू के साथ मारपीट की और उसके गुप्तांग पर लात मार दी। इससे पप्पू अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल रावटी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

 

घर ले जाने के बाद बिगड़ी हालत, हुई मौत

जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को पप्पू की तबीयत में सुधार दिखाई देने पर परिजन उसे घर ले आए थे। हालांकि, 16 और 17 अक्टूबर की दरमियानी रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।

 

आरोपी की तलाश जारी

रावटी थाना प्रभारी मनीष डामर के अनुसार, घटना के संबंध में आरोपी गलिया कटारा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines