Skip to main content

MP Headlines

नांदलेटा में भक्ति के साथ शौर्य और शक्ति का अनूठा संगम, बालिकाओं ने तलवारों के साथ खेला गरबा

महामंडलेश्वर स्वामी आनंद गिरि महाराज के सानिध्य में दुर्गा पूजन, शास्त्र-शस्त्र पूजन और महाआरती का आयोजन; विभिन्न गरबा पंडालों में 500 तलवारें वितरित करने का संकल्प

रतलाम। मां दुर्गा की आराधना, गरबा की गूंज और हाथों में तलवारें लेकर कदमताल करती बालिकाएं। नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम नांदलेटा में भक्ति, शौर्य और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां बालिकाओं ने तलवारों के साथ गरबा प्रस्तुत कर अपनी कला, आत्मविश्वास और अनुशासन का प्रदर्शन किया। पारंपरिक गरबा के इस शौर्यपूर्ण स्वरूप ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी आनंद गिरि महाराज के सानिध्य में दुर्गा पूजन, महाआरती, शास्त्र-शस्त्र पूजन और शस्त्र वितरण का आयोजन हुआ। गरबा की लय के साथ तलवारों का संतुलित संचालन करती बालिकाओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान विभिन्न गरबा पंडालों में 500 तलवारों के वितरण का संकल्प भी लिया गया। आयोजन में बालिकाओं और ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, अनुशासन, आत्मरक्षा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।

बालिकाएं पढ़ाई में आगे बढ़ें, आचरण में दुर्गा और लक्ष्मीबाई को भी उतारें

कार्यक्रम में स्वामी आनंद गिरि महाराज ने अपने प्रवचन में शक्ति की आराधना के साथ ज्ञान, संस्कार और आत्मसंयम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अध्ययन में पीछे न रहें, उच्च पदों तक पहुंचें और अपने आचरण में मां दुर्गा तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के साहस एवं आदर्शों को भी अपनाएं। इससे राष्ट्र और धर्म की रक्षा का भाव सदैव बना रहेगा।

स्वामीजी ने कहा कि शास्त्र मनुष्य को सदाचार, विवेक और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं, जबकि शस्त्रों का उपयोग आत्मरक्षा और समाज की सुरक्षा के लिए निर्धारित मर्यादाओं के अंतर्गत ही किया जाना चाहिए।

आजाद चौक और देवनारायण मंदिर में महाआरती

नवरात्रि के अवसर पर आजाद चौक और देवनारायण मंदिर स्थित गरबा पंडालों में अतिथियों ने महाआरती की। इससे पूर्व आजाद चौक में कन्या भोज का आयोजन भी किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ शास्त्र एवं शस्त्र पूजन किया गया।

महापुरुषों और शहीदों के चित्रों से सजा गरबा पंडाल

ग्राम नांदलेटा में गरबा पंडाल को महापुरुषों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के चित्रों से सजाया गया। इस सजावट के माध्यम से नई पीढ़ी को महापुरुषों के त्याग, साहस और योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया गया।

धार्मिक आयोजन को सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने वाली इस पहल ने नवरात्रि उत्सव को एक विशेष संदेश दिया। मां दुर्गा की आराधना के साथ शौर्य, संस्कार और देशभक्ति का वातावरण पूरे आयोजन में दिखाई दिया।

ये रहे उपस्थित

आयोजन में जुना अखाड़े के महंत नरेंद्र गिरि महाराज, करणी सेना परिवार के मुखिया एवं अध्यक्ष ठा. जीवनसिंह शेरपुर, दशनामी दत्त सेना के अध्यक्ष संजयपुरी गोस्वामी तथा रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

MP Headlines | रतलाम

MP Headlines
Author: MP Headlines