- मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह को पत्र लिखा
- विधानसभा वेबसाइट पर अभी जानकारी निरंक है

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के संपूर्ण मंत्रिमंडल, वर्तमान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गई चल – अचल संपत्ति की संपूर्ण जानकारी राज्य विधानसभा की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड करने की मांग को लेकर सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र के माध्यम से की है।

जानकारी के अनुसार सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मध्य प्रदेश विधानसभा के वर्तमान मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल सदस्यों की चल – अचल संपत्ति के बारे में मध्यप्रदेश विधानसभा से जानकार प्राप्त करने के लिए यह पत्र मध्यप्रदेश विधानसभा की विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्रीमती मंजू गजभिए को भेजा था। जिसके उत्तर में श्रीमती मंजू गजभिए ने बताया है कि “अभी जानकारी निरंक है। “
विधायक श्री डोडियार ने बताया कि मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों ने अपने निर्वाचन के लगभग 1 साल बाद भी चल-चल संपत्ति की जानकारी राज्य विधानसभा को नहीं दी है, तो क्या यह मान लिया जाए कि जनता ने जिन जनप्रतिनिधियों को निर्वाचित कर राज्य विधानसभा में भेजा वह अपनी चल – अचल संपत्ति की जानकारी को सदन के माध्यम से सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं ?

विधायक श्री डोडियार मानते हैं कि जनता को अपने मंत्री और मुख्यमंत्री की चल- अचल संपत्ति के बारे में जानने का अधिकार है। क्योंकि जनता, मतदाता है और मतदाताओं को अपने जनप्रतिनिधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है ।
श्री डोडियार ने श्रीमती मंजू गजभिए द्वारा भेजे गए पत्र के बाद अब मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव आप सिंह को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में मध्यप्रदेश विधानसभा के संपूर्ण मंत्रिमंडल व वर्तमान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गई चल – अचल संपत्ति की संपूर्ण जानकारी राज्य विधानसभा की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड करने की मांग की गई है।

Author: MP Headlines



