पुराने राजस्व रिकॉर्ड, मिसल, नक्शे और नामांतरण पंजी का बारीकी से किया अवलोकन; अभिलेखों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण के दिए निर्देश
रतलाम। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सोमवार को तहसील कार्यालय शहर एवं तहसील कार्यालय ग्रामीण स्थित अभिलेखागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने राजस्व अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड की स्थिति और अभिलेखों में दर्ज जानकारी का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभिलेखागार में रखे मिसल रिकॉर्ड, पुराने नक्शे, खसरा रिकॉर्ड, नामांतरण पंजी, रीनंबरिंग संबंधी अभिलेख तथा बंदोबस्त रिकॉर्ड की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों में दर्ज जानकारी में किसी प्रकार की भिन्नता अथवा विसंगति होने की स्थिति के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने वर्ष 1956-57 के पुराने नक्शों सहित विभिन्न पुराने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके साथ ही सभी तहसीलों से संबंधित मिसल रिकॉर्ड, अपराध पंजी, लेखा रिकॉर्ड तथा पुराने न्यायालयीन प्रकरणों से जुड़े दस्तावेज भी देखे। उन्होंने हल्का स्तर पर संधारित किए जाने वाले अभिलेखों की स्थिति की भी जानकारी ली।

रिकॉर्ड की सुरक्षा और प्रामाणिकता पर जोर
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अभिलेखागार में उपलब्ध पुराने दस्तावेजों एवं पंजीयों के व्यवस्थित संधारण, सुरक्षा और रिकॉर्ड की प्रामाणिकता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने राजस्व अभिलेख महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इनका सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव जरूरी है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines






