चोरी के बाद जनप्रतिनिधि की तत्परता, महज 3 घंटे में चौराहे पर लगे CCTV कैमरे

सैलाना में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता के बीच पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने दिखाई सक्रियता, अब संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर

सैलाना। वार्ड क्रमांक 3 में गत रात्रि हुई चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई। घटना के बाद रहवासियों ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने की मांग उठाई। नागरिकों की मांग पर वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद सलोनी मांडोत एवं पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने त्वरित पहल करते हुए महज तीन घंटे के भीतर घटना स्थल के समीप चौराहे पर CCTV कैमरे लगवा दिए।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 3 निवासी प्रिंस पिता प्रहलाद कुमावत के घर चोरी की घटना सामने आने के बाद आसपास के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बन गया था। क्षेत्रवासियों ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए चौराहे पर CCTV कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई।

मांग सामने आने के बाद पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू करवाई। इसके बाद घटना स्थल के समीप वार्ड क्रमांक 2 के चौराहे पर CCTV कैमरे स्थापित किए गए। नागरिकों के अनुसार मांग के कुछ ही समय बाद कैमरे लग जाने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर

CCTV कैमरे शुरू होने के बाद चौराहे और आसपास के क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों एवं वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी। भविष्य में किसी चोरी या अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में CCTV फुटेज पुलिस जांच के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

चोरी की घटना के बाद तत्काल CCTV कैमरे लगाए जाने की पहल को क्षेत्रवासियों ने सकारात्मक कदम बताया है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी इसी तरह निगरानी व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सके।

जनप्रतिनिधियों की इस त्वरित पहल से यह उम्मीद भी जगी है कि आने वाले समय में सैलाना के अन्य प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में CCTV निगरानी व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines