सैलाना। विज्ञान की महत्ता केवल शोध कार्यों तक नहीं है बल्कि हमारे दैनिक जीवन में भी विज्ञान का योगदान अतुलनीय है। विज्ञान विषय हमारी सोच और कार्यों को तार्किकता प्रदान करता है। विज्ञान हमें व्यापक दृष्टि देता है कि हम अपनी कल्पनाओं को साकार और यथार्थ रूप दे सके। जितना हम विज्ञान विषय को समझेंगे उतना ही हम प्रगति के मार्ग पर अग्रसर हो सकेंगे।

यह विचार सीएम राइज के प्राचार्य गिरीश सारस्वत द्वारा विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। इसके साथ ही विद्यालय की विज्ञान विषय की वरिष्ठ शिक्षिका किरण देदरा द्वारा भी विद्यार्थियों को संबोधित किया गया और विज्ञान दिवस मनाने का कारण, उद्देश्य और इसकी इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डाला गया। विज्ञान विषय के शिक्षक ऋषिकांत देवड़ा द्वारा विद्यालय में विज्ञान से संबंधित संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में भी विवरण प्रस्तुत किया गया। विज्ञान शिक्षक योगेश परमार और कीर्ति बैरागी द्वारा भी नवीन विज्ञान शोध संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन माध्यमिक शाला प्रभारी कमलेश पाटीदार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सी वी रमन की उपलब्धियों पर केंद्रित शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई। विज्ञान के महत्व विषय पर चित्रकला, नाटक और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भारत के महान वैज्ञानिकों का जीवन परिचय और उपलब्धियों को विद्यार्थी तनुष पांचाल, चंद्रशेखर, प्रार्थना जोशी और सिद्धार्थ द्वारा बताया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अकादमिक समन्वयक वैभव दुबे, अशोक सिंह गौर, सुरेश बनिया, महेश वर्मा, नेहा सिंह, सारिका मंडलोई सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

Author: MP Headlines



