अतिरिक्‍त हलके का प्रभार छोडेंगे रतलाम शहर तहसील के पटवारी

रतलाम। रतलाम शहर तहसील के पटवारियों द्वारा वर्तमान में चलाये जा रहे फार्मर रजिस्‍ट्री एवं ई केवायसी अभियान में आ रही समस्‍याओं एवं अपनी लंबित मांगो का निराकरण न होने से आज बैठक आयोजित की गई जिसमें सर्वप्रथम अतिरिक्‍त हलकों का प्रभार छोडने पर सभी ने अपनी सहमति दी।

बैठक के पश्‍चात जिलाध्‍यक्ष लक्ष्‍मीनारायण पाटीदार द्वारा बताया गया कि पटवारियों का अतिरिक्‍त हलकों का मानदेय पिछले कई वर्षों से लंबित है, हमारे कई साथी स्‍थानांतरित होकर अन्‍य तहसीलों में चले गये हैं लेकिन अभी भी उनको मानदेय प्राप्‍त नहीं हुआ है। शासन के अभियान में सभी हलकों में कार्य की प्रगति देखी जाती है, जिसमें कि पटवारी के पास एक से अधिक हलके होने पर कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर पटवारी को प्रताडना झेलनी पडती है। वर्तमान में 7 पटवारियों के पास अतिरिक्‍त हलकों का प्रभार है।

इसके अलावा फार्मर रजिस्‍ट्री एवं ई केवायसी अभियान में जिले की अन्‍य तहसीलों में कार्य सीएससी सेंटर एवं सर्वेयरो द्वारा किया गया है। जबकि रतलाम शहर तहसील के ग्रामों के कृषकों द्वारा रूचि न लेने से एवं अधिकांश रतलाम निवासियों की भूमि ग्रामों में होने से इस कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं आयी थी जिसके पश्‍चात सारा कार्य पटवारियों द्वारा किये जाने पर ही इस तहसील का कार्य भी तेजी से हो रहा है। इस कार्य में पिछडने का भी जिम्‍मेदार पटवारियों को ही बताया जा रहा है। जबकि सॉफ्टवेयर के न चलने अधिकांश भूमिस्‍वामियों के रतलाम निवासी होने एवं आदिवासी क्षेत्र के कृषकों के पलायन के कारण कार्य में अत्‍यंत कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है। इन सब समस्‍याओं के चलते रतलाम शहर के पटवारी सोमवार को तहसील में ज्ञापन देकर अतिरिक्‍त हलकों का प्रभार सौंप देंगे।

MP Headlines
Author: MP Headlines