रतलाम। मंगलवार को दोपहर में सैलाना ब्रिज से एक व्यक्ति नीचे गिर गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भाणेज ने उसकी पहचान फल विक्रेता संतोष पिता सागरमल के रूप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस जांच कर रही है कि मुनीम जी चलते हुए नीचे गिरे हैं या फिर कूद कर आत्महत्या कर ली है। इस दौरान ब्रिज पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस कर रही जांच दुर्घटना या आत्महत्या
फल बेचने वाले भाणेज करणसिंह ने बताया कि 50 वर्षीय मामा संतोष सैलाना ब्रिज पर ही फल की गाड़ी लगाते थे। उज्जैन जिले के महिदपुर के निवासी थे। काफी समय से रतलाम में रहकर फल व्यवसाय करते थे। क्षेत्र में लोग उनको मुनीम जी के नाम से बुलाते थे। मामी ने दूसरे से शादी कर ली थी। अलकापुरी क्षेत्र में रहते थे। अकेले होने के कारण मानसिक स्थिति ठीक भी नहीं थी। एक लड़का है, जिसका पता नहीं है कि वह कहां रहता है। पुलिस का कहना है कि संतोष ब्रिज पर चलते-चलते नीचे गिरा है या फिर उसमें आत्महत्या की है। इन कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
Author: MP Headlines






