सैलाना। राष्ट्रीय सेवा योजना का यह सात दिवसीय विशेष शिविर अपने जिन उद्देश्यों को लेकर गोदग्राम अडवानिया में आया था , आज मैं देख रहा हूं कि यह अपने उद्देश्यों को पाने में शत- प्रतिशत सफल रहा है।
आपका श्रमदान, साफ- सफाई , मूरम का कार्य, तीर्थ स्थलों की सफाई देखकर मेरा मन अति प्रसन्न है और मैं प्राचार्य डॉ पाटीदार, दोनों कार्यक्रम अधिकारियों, स्वयंसेवकों को इसके लिए साधुवाद देता हूं। उक्त संबोधन रासेयो जिला संगठक डॉ एस एस मौर्य ने शिविर समापन समारोह के अवसर पर दिया।
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के रासेयो प्रमुख डॉ शेखर मैदमवार ने शिविर की प्रत्येक गतिविधि पर प्रसन्नता जाहिर की एवं इसकी संपन्नता पर प्राचार्य डॉ पाटीदार, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को उज्जैन से बधाई प्रेषित की।
मुख्य अतिथि सरपंच जमुना देवी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए ऐसे ही प्रेरणास्पद काम करते रहने की सलाह दी। वही उपसरपंच राधे पाटीदार ने ऐसे आयोजनों को निरंतर करते रहने की आवश्यकता बताइ और इसमें अपना हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही।

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य डॉ आर पी पाटीदार ने स्वयंसेवकों को सुखद् एवं सफल जीवन जीने के तरीके बताते हुए उनकी इस शिविर के प्रति समर्पण की भूरि -भूरि प्रशंसा की।
शिविर प्रतिवेदन का वाचन करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ एस एस रावत ने बताया कि प्राचार्य डॉ आर पी पाटीदार के निर्देशन में गोद ग्राम अडवानिया में 24 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित इस शिविर जिसका उद्देश्य साफ- सफाई एवं स्वास्थ्य जागरूकता था कि दिशा में काम किया गया। स्वयंसेवको ने नियमित दिनचर्या का पालन करते हुए जागरूकता रैलियां, प्रभातफेरियां, श्रमदान के द्वारा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। सात दिवसों में स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 से अधिक से स्वयंसेवको एवं ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त शिक्षाविदों, न्यायविदों, पुलिस अधिकारियों, समाजसेवकों ने अपने बौद्धिकों के द्वारा स्वयंसेवकों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की राह प्रशस्त की।

स्वयंसेवकों को समापन अवसर पर प्रमाण- पत्र बांटे गए। इस अवसर पर शिविर नायक हर्षवर्धन शर्मा, हीरालाल गणावा एवं खुशी पाटीदार की प्राचार्य डॉ पाटीदार द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई। वहीं सरपंच जमुना देवी द्वारा 20, प्राचार्य डॉ आर पी पाटीदार द्वारा 20 एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ बालकृष्ण चौहान द्वारा 10 टी-शर्ट इस अवसर पर स्वयंसेवकों के लिए प्रदान करने की घोषणा की गई जिसका करतल ध्वनि से स्वयंसेवको ने स्वागत किया।
अंत में इस शिविर को सफल बनाने हेतु रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ बालकृष्ण चौहान ने स्थानीय प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों , पुलिस प्रशासन, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, स्वास्थ्य विभाग , पत्रकार साथियों एवं महाविद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Author: MP Headlines


















