गैस टंकी की अर्थी निकाल कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

सैलाना। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर मंगलवार को सैलाना नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, बिजली दरों में बढ़ोतरी, गेहूं के समर्थन मूल्य में कमी एवं पेट्रोल-डीजल की किल्लत जैसे मुद्दों को लेकर अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस टंकी की अर्थी निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने किया। रैली पुरानी नगर पालिका से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सैलाना थाना परिसर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

सभा को संबोधित करते हुए हर्ष विजय गेहलोत ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महंगाई ने आमजन और आदिवासी वर्ग का जीवन कठिन बना दिया है। गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों से आम नागरिक आर्थिक बोझ तले दब गया है, वहीं छोटे व्यापारी और किसान भी संकट का सामना कर रहे हैं। गैस की टंकी बुकिंग के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन एवं शहरी क्षेत्र में 35 दिन किया गया जो हमारे ग्रामीण के लिए बड़े परेशानी हो रही है गैस टंकी बुकिंग का समय एक जैसा रखें ।

ज्ञापन का वाचन करते हुए गेहलोत ने बताया कि हाल ही में गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है और कई स्थानों पर गैस की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही बिजली दरों में बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं, व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा है।

किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन में कहा गया कि असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलें खराब हो चुकी हैं, लेकिन किसानों को अब तक उचित मुआवजा और बीमा क्लेम नहीं मिला है। साथ ही, मध्यप्रदेश में गेहूं का समर्थन मूल्य अन्य राज्यों की तुलना में कम होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गेहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि बार-बार आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है। वहीं पेट्रोल-डीजल की कमी से भी आमजन और किसान प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तरुण जैन की अनुपस्थिति में थाना परिसर में नायब तहसीलदार महमूद अली को सौंपा। इस मौके पर थाना प्रभारी पिंकी आकाश गिरी भी मौजूद रही।

मुख्य मांगें:

  • गैस सिलेंडर और बिजली दरों में वृद्धि वापस ली जाए
  • किसानों को प्राकृतिक आपदा का मुआवजा एवं बीमा राशि शीघ्र दी जाए
  • गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए
  • पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए

इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, श्रीराम चौधरी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रसाद चंदेल, किसान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार, युवा नेता हनी गेहलोत, सैलाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिंडोर, रावटी ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र ग्ररवाल सुरेश कटारा पूर्व सरपंच एतुड़ा केसर सिंह वजे सिंह बाल चन्र्द डिंडोर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंगलेश कसेरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुरेश डिंडोर ने माना।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp