सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय सैलाना शाखा में बैंक का 132वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक शालिनी शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सैलाना क्षेत्र में ग्राहकों के सहयोग और आशीर्वाद से शाखा निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि बैंक का समस्त स्टाफ अपने ग्राहकों को उच्च स्तर की विश्वसनीय एवं संतोषप्रद सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक में हर वर्ग के ग्राहकों के लिए विभिन्न जमा योजनाएं उपलब्ध हैं। साथ ही गृह ऋण, व्यापारी वर्ग के लिए विशेष योजनाएं, शासकीय कर्मचारियों हेतु सुविधाएं तथा समाज के हर वर्ग के लिए बैंक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी किसान भाइयों के लिए भी बैंक में कई लाभकारी योजनाएं संचालित हैं।

कार्यक्रम के दौरान बैंक की वरिष्ठ आदिवासी ग्राहक 80 वर्षीय शम्भूड़ी बाई का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मंडी व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, किराना व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष संजय मांडोत, मंडी सचिव रुमान सिंह भयड़िया, युवा उद्यमी ओशिन दीपक जोशी, नितिन पटेल, कमलेश राठौड़, मनोज जैन, सूरज सागर, बिट्टू ठाकुर, दिलीप छाजेड़, वरिष्ठ किसान सत्यनारायण पाटीदार, बैंक कृषि अधिकारी विजय इंगला, कैशियर लोकेन्द्र पाटीदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रबंधक राहुल टांक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
Author: MP Headlines













