उपमुख्यमंत्री देवड़ा के बयान पर कांग्रेस का तीखा पलटवार: “विकास नहीं, भ्रष्टाचार का मॉडल बन चुकी है मल्हारगढ़ विधानसभा” – विजेश मालेचा

मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  एवं लोक निर्माण मंत्री  द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस नेता विजेश मालेचा ने तीखा और आक्रामक पलटवार किया है।

विजेश मालेचा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का “कांग्रेस ने देश का विकास नहीं, विनाश किया” जैसा बयान पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और जनता को गुमराह करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी बताती है कि उपमुख्यमंत्री जमीनी सच्चाई से कट चुके हैं। आज़ादी के बाद जिन विपरीत परिस्थितियों में कांग्रेस ने देश की नींव रखी, संस्थाओं को खड़ा किया और विकास की मजबूत आधारशिला बनाई—उसी का परिणाम है कि आज देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है मालेचा ने कहा कि भाजपा जिस “विकास” का दावा कर रही है, वह कांग्रेस द्वारा तैयार की गई बुनियाद पर ही खड़ा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में कांग्रेस के समय किए गए कार्यों का लाभ आज भी हर नागरिक को मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान नेतृत्व, जिसमें स्वयं उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं, उसी व्यवस्था का लाभ लेकर आगे बढ़े हैं—इसके बावजूद कांग्रेस पर आरोप लगाना केवल राजनीतिक दिखावा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र अब “विकास” नहीं बल्कि भ्रष्टाचार का संगठित मॉडल बन चुका है। हाल ही में बनी सड़कों की दुर्दशा इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है—कई सड़कें 2-3 महीनों में ही उखड़ रही हैं। यह घटिया निर्माण, कमीशनखोरी और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत का सीधा प्रमाण है। लोक निर्माण विभाग में पारदर्शिता का पूर्ण अभाव है और गुणवत्ता को दरकिनार कर जनता के पैसों की खुली लूट की जा रही है।मालेचा ने कहा कि स्थिति केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग हर शासकीय विभाग में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है। आम जनता के बीच यह धारणा गहराई से बैठ चुकी है कि “बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता”, जो इस सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाते हुए मालेचा ने कहा कि पूरे जिले सहित मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जिला चिकित्सालय से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक हालत खराब है—मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलती, न ही पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध हैं और न ही उचित इलाज मिल पा रहा है। आम जनता बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के “कांग्रेस जातिवाद की राजनीति करती है” वाले बयान पर मालेचा ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि यह पूरी तरह निराधार, भ्रामक और उनकी संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी सदैव सर्वधर्म समभाव, सामाजिक समरसता और मानवता के मूल्यों पर चलती आई है। कांग्रेस हर वर्ग, हर समाज और हर धर्म को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और सभी के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

किसानों के मुद्दे पर मालेचा ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह किसान विरोधी साबित हो रही है। गेहूं खरीदी में अव्यवस्था, समर्थन मूल्य पर गड़बड़ियां, स्लॉट बुकिंग में देरी और चना-मसूर खरीदी में किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री राकेश सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे केवल मंचीय भाषणों और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और प्रशासनिक विफलताओं पर जनता के सामने जवाब दें।

अंत में मालेचा ने कहा कि “जनता अब पूरी तरह जागरूक है। झूठे दावे और खोखली बयानबाजी ज्यादा दिन नहीं चलेगी। आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को उसके कामों का करारा जवाब देगी।”

कांग्रेस पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा आज भ्रष्टाचार, भ्रम और दिखावे की राजनीति का पर्याय बन चुकी है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp