रतलाम/देवास। भोपाल में आयोजित ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महा सम्मेलन में शामिल होने जा रहे रतलाम जिले के सहायक सचिवों का वाहन बुधवार तड़के भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। यह हादसा देवास बायपास स्थित ग्राम बैरागढ़ के समीप रात्रि लगभग 3 बजे हुआ, जिसमें तीन सहायक सचिवों की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना में ग्राम पंचायत करिया के सहायक सचिव लखन कमोदिया (35 वर्ष) एवं ग्राम पंचायत कांगशी के सहायक सचिव हुरजी मईडा (45 वर्ष) का मौके पर ही निधन हो गया। जबकि सहायक सचिव प्यारे लाल की देर शाम हॉस्पिटल में देहांत हो गया हादसे की खबर से पूरे सैलाना क्षेत्र सहित रतलाम जिले में शोक की लहर फैल गई।
घटना पर मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की गई।
दुर्घटना में घायल हुए सहायक सचिवों में करमचंद, कैलाश, देवचंद, अंतरसिंह, राकेश, मांगीलाल, विनोद, प्यारेलाल एवं चौक सिंह शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार देवास स्थित अमलतास अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रतलाम जिला पंचायत की सीईओ सुश्री वैशाली जैन एवं सैलाना एसडीएम तरुण जैन तत्काल देवास पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना, डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन से उपचार संबंधी जानकारी ली तथा परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सैलाना क्षेत्र के कांग्रेस के पूर्व विधायक,व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की तथा भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं पूर्व विधायक संगीता चारेल एवं सैलाना जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गिरा भी देवास पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछी तथा अस्पताल प्रशासन से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। पूर्व विधायक चारेल ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही और दिवंगत सहायक सचिवों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मौके पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
Author: MP Headlines












