सैलाना/रतलाम। विगत दिनों भोपाल में आयोजित ग्राम रोजगार सहायकों के महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे सैलाना जनपद क्षेत्र के रोजगार सहायक सचिवों से भरे टेंपो ट्रेक्स वाहन को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी थी। इस भीषण सड़क हादसे में वाहन में सवार कुल 11 सहायक सचिव घायल हुए थे। दो कि स्पॉट पर ही मौत हो चुकी थी तीसरे सहायक सचिव की बाद में मौत हुई थी। दुर्घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था।

हादसे में पहले ही तीन सहायक सचिवों की मौत हो चुकी थी, वहीं ग्राम पंचायत तालाब बोड़ी मिलान के रोजगार सहायक सचिव चोकसिंह डामोर गंभीर रूप से घायल होकर इंदौर के अपोलो हॉस्पिटल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। आज शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भयावह थी कि टेंपो ट्रेक्स वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सभी सहायक सचिव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय महा सम्मेलन में भाग लेने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
चोकसिंह डामोर के निधन की खबर मिलते ही ग्राम पंचायत क्षेत्र सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। पंचायत प्रतिनिधियों, सहायक सचिव संघ और ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Author: MP Headlines












