सैलाना। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण एवं निर्माण कार्य की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के विरोध में तथा निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर गुरुवार को बस स्टैंड क्षेत्र व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुनील जायसवाल को सौंपा।

रैली के दौरान व्यापारियों ने “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। ज्ञापन में बताया गया कि बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। प्रशासन द्वारा लगाई गई रोक के कारण क्षेत्र के व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे निर्माण कार्य से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि यह क्षेत्र गुजरात एवं राजस्थान की ओर जाने वाली बसों का प्रमुख मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में बस स्टैंड के चौड़ीकरण से बसों के संचालन, पार्किंग व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
व्यापारी संघ ने मांग की कि बस स्टैंड क्षेत्र के विस्तारीकरण कार्य पर लगी रोक को तत्काल हटाकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि व्यापारियों एवं आमजन को राहत मिल सके। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन का वाचन कमलेश कसेरा ने किया। इस दौरान बस स्टैंड क्षेत्र व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
Author: MP Headlines













