- जेल अधीक्षक निर्भय कुमार यादव व स्टाफ ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
- समिति ने नगरवासियों से भी की अधिकाधिक वृक्षारोपण की अपील
सैलाना। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ प्रयत्नजन कल्याण समिति द्वारा संचालित ‘1008 पौधों का संकल्प’ वृक्षारोपण अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत रविवार को सैलाना जेल परिसर में 108 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में सैलाना जेल अधीक्षक निर्भय कुमार यादव के नेतृत्व में जेल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। समिति के सदस्यों ने बताया कि अभियान के तहत निर्धारित 1008 पौधों का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और आगामी दिनों में नगर एवं आसपास के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी वृक्षारोपण किया जाएगा।

इस अवसर पर समिति ने नगरवासियों से पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। समिति का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता से 1008 पौधों का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा और सैलाना को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
Author: MP Headlines














