दोबारा ऐसी हरकत करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
सैलाना। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में छात्राओं के सामने अशोभनीय हरकत करते हुए डांस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दो युवक कमलेश पिता रामलाल निनामा 19 वर्ष निवासी नयाखेड़ा सैलाना थाना अजय पिता मदन खराड़ी 19 वर्ष निवासी बजला थाना सरवन को 170 बी एन एस की धारा में सैलाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

रविवार को पुलिस ने दोनों युवकों को थाने बुलाने के बाद जिस स्थान पर वीडियो बनाया गया था, वहीं तक उनका जुलूस निकाला। इस दौरान युवकों से सार्वजनिक रूप से कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई तथा भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ रही अशोभनीय गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित पुलिस गश्त, बस स्टैंड क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने तथा तेज रफ्तार वाहन चालकों और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।

एसडीओपी नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकत करने वालों पर पुलिस की लगातार निगरानी है। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: MP Headlines














